मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवनशैली की प्रशंसा की। उन्होंने जैन समाज के सामाजिक योगदान को प्रेरणादायक बताते हुए जनहित के कार्यों में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
समारोह में श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण के माध्यम से मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और समाज की ओर से अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के मंच पर मंगल आगमन के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण बन गया। उनके आगमन पर पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूज्य गुरुदेव का स्वागत किया। इसके बाद उनके चरणों में दीप प्रज्ज्वलित किया गया तथा आरती उतारी गई।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने अपने अमृत वचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने समाज सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए उपस्थित लोगों को धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह के दौरान जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जैन समाज ने मंत्री जी की उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता एवं समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समाज की ओर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना भी की गई।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मंत्री श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज को श्रीफल अर्पित किया और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”
उन्होंने विशेष रूप से समाज की सेवा भावना और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”
मंत्री जी ने जैन समाज द्वारा अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवनशैली की भी सराहना की। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, परोपकार और समाज कल्याण के क्षेत्र में जैन समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
समारोह में अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गुरु सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सम्मान, सेवा और सामाजिक मूल्यों के संदेश के साथ संपन्न हुआ।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ